रायपुर ODI मैच: India vs South Africa के टिकट के लिए फैंस की भारी भीड़ | रोहित-कोहली का जलवा

India vs South Africa
India vs South Africa

India vs South Africa : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाली वनडे सीरीज को लेकर फैंस का उत्साह चरम पर है। सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसके लिए दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। रोहित शर्मा और विराट कोहली को लाइव एक्शन में देखने के लिए लोग बड़ी संख्या में स्टेडियम और इंडोर कॉम्प्लेक्स पहुंच रहे हैं।

इंडोर स्टेडियम में टिकट कलेक्शन और छात्रों के लिए बिक्री शुरू

सोमवार से इंडोर स्टेडियम में पहले चरण में ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले दर्शक अपने फिजिकल टिकट लेने पहुंच रहे हैं। इसी के साथ छात्रों के लिए आरक्षित सीटों की बिक्री भी शुरू हो चुकी है। सुबह 4 बजे से ही काउंटर पर भीड़ बढ़ने लगी, जिसके चलते लंबी कतारों में धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कुछ छात्राओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की, जिसके कारण उनकी पुलिस से बहस भी हुई। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

1,500 स्टूडेंट सीटें, टिकट कीमत 800 रुपये

इस मैच के लिए छात्रों को 1,500 सीटें आरक्षित की गई हैं, जिनकी कीमत 800 रुपये तय की गई है। हर छात्र केवल एक टिकट ही खरीद सकता है और वैध स्कूल/कॉलेज आईडी कार्ड दिखाना अनिवार्य है। छात्रों के लिए टिकट बिक्री 24 नवंबर से 2 दिसंबर तक इंडोर स्टेडियम में चलेगी।

पहले चरण में 17–18 हजार टिकट मिनटों में खत्म

शनिवार शाम 5 बजे शुरू हुए पहले चरण में टिकटों की ऑनलाइन बिक्री मात्र 15 मिनट में ही खत्म हो गई। लगभग 17–18 हजार टिकट तुरंत ‘Sold Out’ हो गए, जिसके बाद वेबसाइट देखने वाले लोग भ्रमित हो गए कि सभी टिकट बिक चुके हैं। हालांकि आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि अगले चरण में बाकी टिकट जल्द जारी किए जाएंगे। ऑनलाइन बुकिंग करने वाले दर्शकों को बाद में फिजिकल टिकट प्राप्त करने की सुविधा भी दी जाएगी।