India VS Africa 2nd ODI: रोहित-विराट पहुंचे, ब्लैक टिकट बेचते दो गिरफ्तार; टिकट काउंटर पर हंगामा भी

India
India

India VS Africa 2nd ODI: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 दिसंबर को होने वाले दूसरे वनडे मैच के लिए रायपुर में तैयारियां तेज़ हो गई हैं। दोनों टीमें सोमवार शाम करीब 4:30 बजे रांची से एक ही चार्टर्ड फ्लाइट के ज़रिये रायपुर पहुंचीं।
पहला वनडे जीतकर भारत ने सीरीज़ में 1–0 की बढ़त बना ली है। रोहित शर्मा, विराट कोहली और टीम इंडिया के अन्य खिलाड़ी मंगलवार को स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे।

ब्लैक टिकट बेचने पर पुलिस की सख़्ती, दो आरोपी हिरासत में

मैच से पहले पुलिस ने ब्लैक मार्केटिंग पर कार्रवाई तेज कर दी है। 30 नवंबर को सिविल लाइन थाना क्षेत्र से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जो अवैध रूप से टिकट खरीदकर ऊंचे दामों पर बेच रहे थे।
थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है और पुलिस टिकट कालाबाज़ारी पर लगातार नजर रख रही है।

स्टूडेंट टिकट काउंटर पर अफरातफरी, भीड़ ने बैरिकेड तोड़े

इंडोर स्टेडियम में सोमवार को स्टूडेंट्स के लिए आरक्षित टिकटों की बिक्री हुई। सुबह 4 बजे से ही भारी भीड़ जमा हो गई थी।
जैसे ही 10 बजे टिकट बिक्री शुरू हुई, मौके पर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कई छात्राओं ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया।

16 हजार टिकट 15 मिनट में हुए सोल्ड आउट

पहले चरण में टिकट बिक्री शुरू होते ही 16,000 टिकट सिर्फ 15 मिनट में ही बिक गए। वेबसाइट पर ‘Sold Out’ दिखने से कई खरीदार भ्रमित हुए, जबकि अधिकारियों ने साफ किया कि दूसरी खेप में टिकट दोबारा जारी किए जाएंगे।
ऑनलाइन खरीदे गए टिकटों को बाद में फिजिकल टिकट में बदला जा सकेगा।