Weather Alert: देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में घने कोहरे, शीत लहर और पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश व बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की है। उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में ठंड का असर बढ़ने वाला है, जबकि हिमालयी क्षेत्रों में मौसम और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसके साथ ही समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
घने कोहरे को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 25 से 28 दिसंबर के बीच कोहरे का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 26 से 28 दिसंबर के दौरान दृश्यता कम करने वाला घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई है।
कई राज्यों में कोहरे की चेतावनी
IMD ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 22 दिसंबर तक और फिर 24 से 28 दिसंबर के बीच घने कोहरे की स्थिति बन सकती है। बिहार के कुछ इलाकों में 24 दिसंबर तक कोहरा छाए रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 26 दिसंबर तक रात और सुबह के समय कोहरा रहने का अनुमान है। इसके अलावा उत्तर राजस्थान, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 22 दिसंबर तक, जबकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में 23 दिसंबर तक कोहरे का असर बना रह सकता है। पूर्वोत्तर भारत में भी 24 दिसंबर की सुबह तक कोहरा छाए रहने की संभावना है।
शीत लहर और कोल्ड डे की आशंका
शीत लहर को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 22 और 23 दिसंबर को उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में ठंडी हवाएं चल सकती हैं। वहीं 22 दिसंबर को उत्तराखंड और झारखंड में कोल्ड डे की स्थिति रह सकती है।
इसके अलावा 22 और 23 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश में भी दिन के समय तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना जताई गई है।
बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान
अगले तीन दिनों के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बारिश और बर्फ गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तर-पूर्वी हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी के साथ बर्फीले तूफान का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंके 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। बर्फबारी के कारण दृश्यता घटकर 400 मीटर से भी कम हो सकती है।
मछुआरों के लिए खास चेतावनी
IMD ने 21 से 26 दिसंबर के बीच मछुआरों को बंगाल की खाड़ी और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है। चेतावनी के दायरे में कोमोरिन क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी, ओमान और यमन तट, पश्चिम-मध्य अरब सागर और सोमालिया तट से सटे समुद्री इलाके शामिल हैं।

