Weather Alert: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों से लेकर दक्षिणी राज्यों और बंगाल की खाड़ी तक, कई क्षेत्रों में खराब मौसम की स्थिति बनती नजर आ रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में भारी बारिश, बर्फबारी, तेज हवाओं और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। मछुआरों, पर्यटकों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर भारत में मौसम का असर
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मुजफ्फराबाद में 15 दिसंबर और फिर 18 से 21 दिसंबर के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में 15, 20 और 21 दिसंबर को, जबकि उत्तराखंड में 15 और 21 दिसंबर को बारिश और हिमपात की चेतावनी दी गई है।
दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाएं
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 16 और 17 दिसंबर को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 15 से 18 दिसंबर के बीच 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
घने कोहरे को लेकर अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में 16 से 20 दिसंबर के बीच घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में 16 से 18 दिसंबर तक, जबकि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में 16 और 17 दिसंबर को कोहरे का असर रहेगा।
उत्तर प्रदेश में 16 और 17 दिसंबर को तथा मध्य प्रदेश में 16 से 18 दिसंबर के दौरान कोहरा देखने को मिल सकता है। खासतौर पर उत्तर प्रदेश में 16 दिसंबर और मध्य प्रदेश में 16 व 17 दिसंबर को बेहद घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई है।
समुद्र में जाने पर पाबंदी
मौसम विभाग ने 15 से 20 दिसंबर के बीच बंगाल की खाड़ी, गल्फ ऑफ मन्नार और कोमोरिन क्षेत्र में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर सब-ट्रॉपिकल वेस्टरली जेट स्ट्रीम भी प्रभावी बनी हुई है, जहां 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर हवाओं की गति 120 नॉट तक दर्ज की गई है।
इसके अलावा, दक्षिण तमिलनाडु और आसपास के इलाकों में अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जबकि 17 दिसंबर की रात से एक नया कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है।

