IMD Weather Alert: 72 घंटे भारी, बारिश-बर्फबारी से लेकर घने कोहरे तक IMD का अलर्ट

IMD Weather Alert
IMD Weather Alert

IMD Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और अगले तीन दिन चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। उत्तर भारत से लेकर पहाड़ी राज्यों तक बारिश, बर्फबारी और घने कोहरे की स्थिति बन रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आगामी 72 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से लेकर भारी वर्षा हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 21 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में तेज बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। वहीं 20 से 22 दिसंबर के बीच पंजाब के कुछ हिस्सों में भी बारिश दर्ज की जा सकती है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।


सक्रिय मौसमी तंत्रों से बिगड़ा हालात

आईएमडी ने बताया कि जम्मू के आसपास निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके अलावा मध्य क्षोभमंडल में दक्षिण-पश्चिम ईरान के ऊपर एक और पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है। दक्षिणी केरल के पास भी निचले स्तरों पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

उत्तर भारत के ऊपर समुद्र तल से लगभग 1.2 किलोमीटर की ऊंचाई पर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है। इन सभी मौसमी तंत्रों के संयुक्त प्रभाव से कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी, शीतलहर और कोहरे जैसी स्थितियां बन रही हैं।


घने कोहरे को लेकर विशेष चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। 19 और 20 दिसंबर को पंजाब, उत्तराखंड और बिहार में घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सुबह के समय घना से बेहद घना कोहरा देखने को मिल सकता है।

आईएमडी ने चेताया है कि आने वाले दो से तीन दिनों तक दृश्यता कम रहेगी, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। लोगों को सावधानी बरतने, वाहन धीमी गति से चलाने और फॉग लाइट के इस्तेमाल की सलाह दी गई है।


राजस्थान में ठंड और कोहरे का दोहरा असर

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। शुक्रवार सुबह राज्य के कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं।

विशेष रूप से उत्तर-पूर्वी राजस्थान के क्षेत्रों में कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। 20 दिसंबर को भरतपुर और आसपास के इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 से 22 दिसंबर के बीच पश्चिमी राजस्थान में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।