Parenting Tips: बच्चा क्यों बनता है जिद्दी? पैरेंटिंग की 4 बड़ी गलतियां

Parenting Tips
Parenting Tips

Parenting Tips: अक्सर माता-पिता यह शिकायत करते हैं कि उनका बच्चा हर बात पर जिद करता है। कभी वह बाजार में किसी चीज़ के लिए रोने लगता है, तो कभी अपनी बात मनवाने के लिए खाना-पीना तक छोड़ देता है। कई बार बच्चे सड़क पर लेट जाते हैं या लोगों के सामने अजीब व्यवहार करने लगते हैं। ऐसे में माता-पिता यह मान लेते हैं कि बच्चा स्वभाव से ही जिद्दी है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चे के इस व्यवहार के पीछे उसकी परवरिश और माता-पिता की कुछ अनजानी गलतियां जिम्मेदार होती हैं।

डॉक्टरों और चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट्स के अनुसार, बच्चे का व्यवहार काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि उसके साथ घर में कैसा व्यवहार किया जाता है। अगर माता-पिता अपनी कुछ आदतों में बदलाव कर लें, तो बच्चे की जिद्दी प्रवृत्ति को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

1. जरूरत से ज्यादा कमांड देना
कई माता-पिता बच्चों को हर समय निर्देश देते रहते हैं—“ये मत करो”, “वहां मत जाओ”, “अभी चुप रहो”। लगातार आदेश मिलने से बच्चे को लगता है कि उस पर बेवजह नियंत्रण किया जा रहा है। बच्चों का दिमाग हर समय नियम और कमांड स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं होता, इसलिए वे विरोध करने लगते हैं। यही विरोध धीरे-धीरे जिद्दी व्यवहार का रूप ले लेता है।

2. नियमों में स्थिरता की कमी
जब माता-पिता कभी किसी बात के लिए हां कह देते हैं और कभी उसी बात पर नाराज़ हो जाते हैं, तो बच्चा भ्रमित हो जाता है। अगर नियम माता-पिता के मूड के अनुसार बदलते रहें, तो बच्चे को यह समझ नहीं आता कि सही और गलत क्या है। इस असमंजस की स्थिति में बच्चा जिद करके अपनी बात मनवाने की कोशिश करने लगता है।

3. बच्चे की भावनाओं को नजरअंदाज करना
अक्सर माता-पिता बच्चे के व्यवहार को सुधारने पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन उसकी भावनाओं को समझने की कोशिश नहीं करते। जब बच्चा दुखी, नाराज़ या परेशान होता है और उसकी भावनाओं को अनदेखा किया जाता है, तो वह खुद को अकेला महसूस करता है। ऐसे में वह आपकी बात सुनने के बजाय जिद और गुस्से का सहारा लेता है।

4. जरूरत से ज्यादा स्क्रीन टाइम
आजकल बच्चों को मोबाइल, टीवी और टैबलेट बहुत जल्दी थमा दिया जाता है। ज्यादा स्क्रीन टाइम से बच्चा एक काल्पनिक दुनिया में जीने लगता है। वास्तविक जीवन की गतिविधियां उसे बोरिंग लगने लगती हैं। जब स्क्रीन छीन ली जाती है, तो बच्चा चिड़चिड़ा और जिद्दी हो जाता है।

जिद्दी बच्चे से कैसे निपटें
बच्चे की बात ध्यान से सुनें और बहस से बचें।
यह समझने की कोशिश करें कि वह किस वजह से जिद कर रहा है।
आदेश देने के बजाय सीमित विकल्प दें, जैसे—“तुम ये पहनोगे या वो?”
खुद शांत रहें और बच्चे पर चिल्लाने से बचें।
बच्चे के साथ भावनात्मक जुड़ाव बनाएं और उसे प्यार व समझदारी का एहसास कराएं।

सही मार्गदर्शन और धैर्य के साथ माता-पिता बच्चे के जिद्दी व्यवहार को सकारात्मक दिशा में बदल सकते हैं।