ऋषिकेश: भारतीय परंपरा में मोर को बेहद शुभ माना गया है। उसकी सुंदरता जहां मन मोह लेती है, वहीं उसका पंख धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से चमत्कारी माना गया है। भगवान श्रीकृष्ण के मुकुट पर सजा मोर पंख पवित्रता, सौंदर्य और चमत्कार का प्रतीक है। यही कारण है कि सनातन धर्म में प्राचीन काल से लेकर आज तक लोग घर में मोर पंख सजावट और पूजा-पाठ में रखते आए हैं।
क्यों है खास मोर पंख
ज्योतिषाचार्य अखिलेश पांडेय के मुताबिक, मोर पंख का छोटा सा उपाय भी जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। अगर किसी व्यक्ति की कुंडली में दोष है या ग्रह अशुभ प्रभाव डाल रहे हैं, तो घर में मोर पंख रखने से यह प्रभाव धीरे-धीरे कम होने लगता है। यही नहीं, यह वास्तुदोष को भी समाप्त करता है। खासकर घर की उत्तर दिशा में मोर पंख रखने से सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और नकारात्मक शक्तियां स्वतः ही समाप्त हो जाती हैं।
तिजोरी में रखें मोर पंख
धन-संपत्ति से जुड़े मामलों में भी मोर पंख बेहद लाभकारी माना जाता है। मान्यता है कि तिजोरी में मोर पंख रखने से मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है और धन का आगमन बढ़ता है। इससे घर की आर्थिक परेशानियां धीरे-धीरे दूर हो जाती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि का वातावरण बनता है।
रिश्तों में भी बढ़ाता है प्रेम
मोर पंख न केवल समृद्धि लाता है, बल्कि पारिवारिक रिश्तों में भी मिठास घोलता है। यह घर में शांति और सौहार्द्र बनाए रखता है। यदि परिवार में आए दिन झगड़े होते हों, तो मंदिर में मोर पंख रखना लाभकारी होता है। इससे वातावरण शांत होता है और घर के सदस्यों के बीच प्रेम और एकता बढ़ती है।
शास्त्रों के अनुसार, यदि आप अपने दांपत्य जीवन को और मधुर बनाना चाहते हैं तो घर में बांसुरी के साथ मोर पंख रखना चाहिए। इससे पति-पत्नी के बीच प्रेम बढ़ता है और रिश्तों में स्थिरता आती है।

