राजामौली की ‘वाराणसी’ पर हॉलीवुड की नज़र, जेम्स कैमरून ने सेट पर आने की जताई इच्छा

James Cameron
James Cameron

एस. एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित मेगा एक्शन-एडवेंचर फिल्म वाराणसी को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बड़े सितारों से सजी यह फिल्म इस समय भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित परियोजनाओं में शामिल है। हाल ही में रमो जी फिल्म सिटी में आयोजित भव्य ग्लोब ट्रॉटर इवेंट के दौरान फिल्म की पहली झलक दिखाई गई, जिसे देखने के लिए 50 हजार से अधिक प्रशंसक मौजूद थे। यह इवेंट न सिर्फ अब तक की सबसे बड़ी लाइव फैन गैदरिंग बना, बल्कि भारत की सबसे विशाल फिल्म रिवील के तौर पर भी दर्ज हुआ।

फिल्म की झलक सामने आने के बाद वाराणसी को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। इसी बीच हॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर जेम्स कैमरून ने भी इस प्रोजेक्ट में खास दिलचस्पी दिखाई है। कैमरून ने खुद एस. एस. राजामौली से फिल्म के सेट पर आने की इच्छा जाहिर की, जिससे यह साफ हो गया है कि वाराणसी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्सुकता बढ़ रही है।

हाल ही में अवतार: फायर एंड ऐश की रिलीज़ से पहले जेम्स कैमरून और एस. एस. राजामौली के बीच एक वीडियो कॉल पर बातचीत हुई। इसी दौरान कैमरून ने कहा कि फिल्ममेकर्स के बीच विचारों और तकनीकों को साझा करना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने राजामौली से पूछा कि क्या उन्हें कभी वाराणसी के सेट पर आकर उन्हें काम करते हुए देखने का मौका मिल सकता है।

इस पर राजामौली ने बेहद गर्मजोशी से जवाब देते हुए कहा कि जेम्स कैमरून का सेट पर आना उनके और पूरी टीम के लिए सम्मान की बात होगी। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ वे ही नहीं, बल्कि पूरी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री कैमरून के स्वागत को लेकर उत्साहित होगी।

बातचीत के दौरान जेम्स कैमरून ने यह भी पूछा कि क्या फिल्म की शूटिंग अभी जारी है। राजामौली ने बताया कि करीब एक साल से शूटिंग चल रही है और अभी सात से आठ महीने और बाकी हैं। इस पर कैमरून ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा कि जब कोई रोमांचक सीन, शायद किसी टाइगर से जुड़ा सीन शूट हो रहा हो, तो उन्हें जरूर बुलाया जाए।

इस बीच फिल्म से जुड़े अन्य अपडेट्स भी सामने आ चुके हैं। पृथ्वीराज सुकुमारन का कुंभा के रूप में दमदार फर्स्ट लुक और प्रियंका चोपड़ा जोनस का मंदाकिनी के किरदार में शक्तिशाली अवतार पहले ही रिलीज़ किया जा चुका है। इन दोनों लुक्स ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा बटोरी है और देशभर में फिल्म को लेकर उत्साह को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।

अब दर्शकों की निगाहें वाराणसी की रिलीज़ पर टिकी हैं। बड़े पैमाने पर बन रही यह भव्य फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।