3 इडियट्स’ के बाद फिर साथ आएंगे आमिर खान और राजकुमार हिरानी, ‘4 इडियट्स’ पर चल रहा है काम

Aamir Khan
Aamir Khan

3 Idiots Sequel: आमिर खान द्वारा निभाया गया रणछोड़दास ‘रैंचो’ श्यामलदास चंचड़ का किरदार साल 2009 में रिलीज़ हुई फिल्म 3 इडियट्स का सबसे यादगार हिस्सा रहा है। अब ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सुपरहिट फिल्म का सीक्वल बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है, जिसमें आमिर खान एक बार फिर निर्देशक राजकुमार हिरानी के साथ नजर आ सकते हैं

सूत्रों के अनुसार, फिल्म का सीक्वल फिलहाल स्क्रिप्टिंग स्टेज में है और इसका अस्थायी नाम ‘4 इडियट्स’ रखा गया है। इस फिल्म में मूल कलाकारों की वापसी की पूरी संभावना है, जिसमें आमिर खान, आर. माधवन, शरमन जोशी और करीना कपूर खान शामिल हैं। करीना एक बार फिर ‘पिया’ के किरदार में दिखाई दे सकती हैं।

चौथे ‘इडियट’ की तलाश जारी

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि मेकर्स इस बार कहानी को और बड़ा बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। इसी वजह से फिल्म में एक नया मुख्य किरदार जोड़ा जाएगा, जिसे ‘चौथा इडियट’ कहा जा रहा है। इस भूमिका के लिए किसी बड़े सुपरस्टार को कास्ट करने की तैयारी चल रही है, हालांकि अभी तक किसी नाम को अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, “फिल्म की कहानी फिलहाल ‘4 इडियट्स’ के वर्किंग टाइटल के साथ डेवलप की जा रही है। मेकर्स फ्रैंचाइज़ी को आगे बढ़ाने के लिए एक बड़े स्टार को जोड़ना चाहते हैं, जिससे कहानी में नया आयाम आए।”

कहानी में होंगे नए ट्विस्ट

सूत्रों ने यह भी बताया कि फिल्म सिर्फ पहली कहानी का सीधा विस्तार नहीं होगी। लेखन टीम इस बात का ध्यान रख रही है कि कहानी वहीं से आगे बढ़े, जहां 3 इडियट्स खत्म हुई थी, लेकिन साथ ही इसमें नए प्लॉट एलिमेंट्स और फ्रेश कैरेक्टर डायनामिक्स भी जोड़े जाएंगे, ताकि चौथे किरदार की एंट्री को सही ठहराया जा सके।

हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अगर ये रिपोर्ट्स सच साबित होती हैं, तो 4 इडियट्स आने वाले समय की सबसे बहुप्रतीक्षित बॉलीवुड फिल्मों में से एक बन सकती है।

गौरतलब है कि 3 इडियट्स का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया था और इसमें आमिर खान, आर. माधवन, शरमन जोशी, करीना कपूर खान, बोमन ईरानी और मोना सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी और आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती है।