Moody’s on Indian Economy: भारत की विकास रफ्तार पर बड़ा बयान, 2025 में चीन से भी तेज़ बढ़ेगा इंडिया

Moody
Moody

Moody’s on Indian Economy: वैश्विक रेटिंग एजेंसी मूडीज़ रेटिंग्स ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर सकारात्मक अनुमान जारी किया है। एजेंसी का कहना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था 2025 में 7% की दर से और उसके अगले वर्ष करीब 6.5% की दर से बढ़ सकती है। यह आकलन मूडीज़ के ग्लोबल मैक्रो आउटलुक में किया गया है।

मूडीज़ के अनुसार, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश और स्थिर घरेलू उपभोग भारत की विकास गति को बढ़ावा दे रहे हैं। हालांकि निजी क्षेत्र अभी भी बड़े कैपिटल निवेश को लेकर थोड़ी सतर्कता बरत रहा है।

एजेंसी ने कहा कि आने वाले वर्षों में भी भारत G-20 देशों में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा। 2027 तक भारत की विकास दर लगभग 6.5% रहने का अनुमान है, जिसे घरेलू उत्पादन और निर्यात विविधीकरण का समर्थन मिलेगा। 2025 के लिए वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 7% रहने की उम्मीद है, जो 2024 के 6.7% से अधिक है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि वास्तविक जीडीपी का आकलन 2011-12 के आधार वर्ष पर किया जाता है। अमेरिकी बाजार में 50% तक की ड्यूटी का सामना करने के बावजूद भारतीय निर्यातकों ने निर्यात को नए बाजारों में सफलतापूर्वक मोड़ा है। सितंबर में भारत का कुल निर्यात 6.75% बढ़ा, जबकि अमेरिका को निर्यात 11.9% घटा

मूडीज़ ने यह भी अनुमान लगाया कि 2026 और 2027 में भारत की वृद्धि दर 6.5% के आसपास बनी रहेगी, जिसे कम महंगाई और संतुलित मौद्रिक नीति का समर्थन मिलेगा।

दूसरी ओर, चीन की अर्थव्यवस्था 2025 में 5% बढ़ने का अनुमान है, जिसे सरकारी प्रोत्साहन और निर्यात के मजबूत प्रदर्शन का सहारा मिलेगा। 2027 तक चीन की जीडीपी वृद्धि दर धीरे-धीरे घटकर 4.2% तक पहुंच सकती है।

वैश्विक स्तर पर, मूडीज़ ने 2026 और 2027 के लिए ग्लोबल जीडीपी वृद्धि को 2.5%–2.6% के बीच रहने का अनुमान लगाया है, जो 2024 के 2.9% और 2025 के 2.6% से कम है।