शारदीय नवरात्र महोत्सव 2025: झंडेवाला देवी मंदिर में भव्य आयोजन 22 सितंबर से

नई दिल्ली। राजधानी के प्राचीन और ऐतिहासिक झंडेवाला देवी मंदिर में इस बार शारदीय नवरात्र महोत्सव का आयोजन 22 सितंबर 2025 से 1 अक्टूबर 2025 तक बड़े धूमधाम से किया जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जो मां झंडेवाली देवी के दरबार में हाजिरी लगाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।

मंदिर प्रशासन ने भक्तों की सुविधा के लिए व्यापक इंतज़ाम किए हैं। दर्शन के लिए प्रवेश रानी झांसी मार्ग, देशबंधु गुप्ता मार्ग और वरूणालय साइड से कराया जाएगा, जबकि निकासी के लिए अलग द्वार रखा गया है। बाहर निकलते समय भक्तों को भंडारे का प्रसाद दिया जाएगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि मंदिर परिसर में चुन्नी, फूल-माला या किसी अन्य प्रकार का प्रसाद चढ़ाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही भक्तों से अनुरोध किया गया है कि वे बाहर से कोई वस्तु लेकर न आएं।

इस अवसर पर मंदिर को अंदर और बाहर दोनों ओर भव्य रूप से सजाया गया है। नवरात्र से तीन दिन पहले से ही देशभर के विभिन्न मंदिरों से भक्तजन ज्योत लेकर यहां पहुंचने लगते हैं। उनके ठहरने और भोजन प्रसाद की पूरी व्यवस्था मंदिर की ओर से की जाती है।

नवरात्रों के दौरान मां की आरती प्रतिदिन सुबह 4 बजे और शाम 7 बजे संपन्न होगी। दिनभर मंदिर प्रांगण में अलग-अलग कीर्तन मंडलियां मां का गुणगान करेंगी। सभी धार्मिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण मंदिर की आधिकारिक यूट्यूब और फेसबुक चैनलों पर भी किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में कुल 290 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही मंदिर के सुरक्षा कर्मियों और दिल्ली पुलिस की सख्त निगरानी भी रहेगी।

 यह महोत्सव भक्तों की आस्था और भक्ति का प्रतीक है, जो हर साल की तरह इस बार भी भक्तिमय माहौल में मनाया जाएगा।