बेंगलुरु। हिमाचल प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं से हुए भारी नुकसान को देखते हुए कर्नाटक सरकार ने मदद का हाथ बढ़ाया है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर राज्य की ओर से पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
पत्र में सिद्धरमैया ने कहा कि इस कठिन समय में कर्नाटक के लोग हिमाचल के साथ खड़े हैं। उन्होंने लिखा, “जीवन की हानि, परिवारों का विस्थापन और बुनियादी ढांचे के नुकसान की खबरें बेहद दुखद हैं। जब प्रकृति हमारी परीक्षा लेती है, तब देश की एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत होती है।”
सिद्धरमैया ने भरोसा जताया कि हिमाचल प्रदेश इस आपदा से नई ऊर्जा और संकल्प के साथ उभरेगा। उन्होंने कहा कि कोई भी आर्थिक सहायता मानव जीवन और संपत्ति की क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन यह कदम प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करेगा।
गौरतलब है कि 20 जून से 8 सितंबर तक हुई भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं से हिमाचल प्रदेश को 4,122 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, इस दौरान 370 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 205 मौतें सीधे बारिश से जुड़ी घटनाओं में हुईं—जिनमें 43 भूस्खलन, 17 बादल फटने और 9 बाढ़ से संबंधित थीं। इसके अलावा, सड़क हादसों में 165 लोगों ने जान गंवाई, जबकि 41 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

