SBI Credit Card: SBI क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। खासतौर पर उन यात्रियों के लिए जो घरेलू हवाई यात्राओं के दौरान एयरपोर्ट लाउंज सुविधाओं का लाभ उठाते हैं। SBI Card ने अपने डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस प्रोग्राम में बदलावों का ऐलान किया है, जो 10 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगे। इन नए नियमों के तहत कुछ चुनिंदा क्रेडिट कार्ड्स पर लाउंज में प्रवेश की व्यवस्था बदली जाएगी।
दो कैटेगरी में बांटे गए SBI क्रेडिट कार्ड
SBI Card ने नए लाउंज नियमों के लिए अपने कार्ड्स को दो समूहों—सेट A और सेट B—में वर्गीकृत किया है।
सेट A के तहत आने वाले कार्ड्स
इस कैटेगरी के कार्डधारकों को अब चुनिंदा प्रमुख एयरपोर्ट्स पर ही लाउंज एक्सेस मिलेगा। इनमें शामिल हैं:
Apollo SBI Card SELECT, BPCL SBI Card OCTANE, Club Vistara SBI Card SELECT, Landmark Rewards SBI Card SELECT, Paytm SBI Card SELECT और PhonePe SBI Card SELECT।
इन कार्ड्स से अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई, दिल्ली और पुणे के एयरपोर्ट लाउंज में प्रवेश की सुविधा मिलेगी।
सेट B कार्ड्स को मिलेगा विस्तृत नेटवर्क
सेट B में शामिल कार्ड्स के साथ अपेक्षाकृत ज्यादा एयरपोर्ट्स पर लाउंज एक्सेस उपलब्ध होगा। इस लिस्ट में SBI Card PRIME, KrisFlyer SBI Card, Titan SBI Card और पार्टनर बैंकों के PRIME वेरिएंट शामिल हैं।
इन कार्ड्स से भुवनेश्वर, चंडीगढ़, कोच्चि, गोवा, इंदौर, जयपुर, वडोदरा, श्रीनगर और विशाखापत्तनम जैसे शहरों के एयरपोर्ट लाउंज में भी प्रवेश संभव होगा। SBI Card ने स्पष्ट किया है कि इन बदलावों का असर केवल सेट A और सेट B में शामिल कार्ड्स पर ही पड़ेगा, बाकी कार्ड्स के लाभ पहले जैसे ही रहेंगे।
लाउंज एंट्री के लिए ऑथेंटिकेशन अनिवार्य
नए नियमों के अनुसार, लाउंज में प्रवेश के समय SBI क्रेडिट कार्ड को POS मशीन पर स्वाइप या ऑथेंटिकेट करना जरूरी होगा। Visa और RuPay कार्ड्स पर ₹2 का नॉन-रिफंडेबल शुल्क लगेगा, जबकि Mastercard पर ₹25 का अस्थायी होल्ड लगाया जाएगा, जिसे बाद में हटा लिया जाएगा।
फ्री विजिट सीमा पूरी होने पर नहीं मिलेगी एंट्री
अगर किसी कार्ड पर तय फ्री लाउंज विजिट की सीमा पूरी हो चुकी है, तो बिना शुल्क चुकाए प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अतिरिक्त विजिट के लिए स्टैंडर्ड लाउंज चार्ज देना होगा। SBI Card के मुताबिक, यह लाउंज प्रोग्राम Visa, RuPay और Mastercard नेटवर्क पार्टनर्स द्वारा संचालित किया जाता है और उन्हीं की शर्तें लागू होंगी।

