Dharmendra’s Memories Revived : आज दिल्ली में दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र की याद में प्रार्थना सभा आयोजित की गयी, जिसका आयोजन हेमा मालिनी ने किया था। इस प्रार्थना सभा में राजनीति जगत की कई दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की और बॉलीवुड ही-मैन धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र से जुड़ीं कुछ पुरानी यादें साँझा कीं, इस वक़्त हेमा मालिनी बेहद भावुक हो गईं।
ज्ञात हो कि 24 नवंबर 2025 को मुंबई में धर्मेंद्र का निधन हो गया था, जिसके बाद 27 नवंबर को सनी देओल और बॉबी देओल ने उनके लिए एक प्रार्थना सभा रखी, हालाँकि उसी दिन हेमा मालिनी ने भी अपने मुंबई स्थित आवास पर एक अलग प्रार्थना सभा का आयोजन किया था। 14 दिन बाद आज यानी कि गुरुवार 11 दिसंबर को ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने एक बार फिर अपने दिवंगत पति के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन किया।
हेमा मालिनी ने भावुक होते हुए कहा, ‘जिस शख्स के साथ मैंने कई फिल्मों में प्यार का अभिनय किया, वही मेरे जीवनसाथी बन गए। हमारा प्यार सच्चा था तो किसी भी परिस्थिति का सामना करने की हिम्मत थी और हम दोनों ने शादी की। वे मेरे लिए बहुत ही समर्पित जीवनसाथी बने। मजबूत स्तंभ बनकर मेरे साथ खड़े रहे’।
उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए आगे कहा, ‘वे हर कदम पर मेरे साथ खड़े रहे। मेरे हर निर्णय में उनकी सहमति रही। मेरी दोनों बेटियां-एशा और आहना, इनके लिए वात्सल्य से भरे पिता बने। दोनों को बहुत प्यार दिया और सही समय पर उनकी शादी भी कराई। हमारे पांच ग्रैंड चिल्ड्रंस के लिए वे बहुत प्यारे नानू थे। धरम जी छोटे-छोटे बच्चों को देखकर इतने खुश हो जाते थे। मुझसे कहते थे, ‘देखो ये हमारी बहुत प्यारी फुलवारी है, इन्हें सहेज कर रखना’।
हेमा ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, ‘मेरे परिवार के सभी सदस्य। मेरी मां, मेरी आंटी, मेरे दोनों भाई-भाभी उनके बच्चे, परिवार के सभी सदस्यों से उन्हें लगाव था’। इस मौके पर उनकी दोनों बेटियां एशा और आहना भी भावुक हो गईं, वहीँ दिल्ली में आयोजित इस सभा में गृह मंत्री अमित शाह, सीएम रेखा गुप्ता सहित राजनीति जगत की कई चर्चित हस्तियां मौजूद थी।

