Gokalgarh Firing Case : शादी समारोह में फायरिंग कर शादी के माहौल बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामला गांव गोकलगढ़ के केशव कुंज कालोनी का है, जहाँ 27 नवंबर को सुशील कुमार की बेटी की शादी गांव के एक समारोह स्थल में थी, जहाँ गांव के निवासी आदित्य उर्फ माया, तुषार उर्फ तुसी व मनोज भी आए हुए थे। इन तीनो में से तुषार के पास पिस्टल थी।
इस मामले में जानकारी देते हुए सुशील कुमार ने बताया कि बाद में तीनों युवक डीजे की ओर चले गए, हालाँकि शादी समारोह से जाते समय तुषार ने वहां फायर किया। पुलिस ने जांच के दौरान तुषार उर्फ तुसी के पास से एक देशी पिस्टल व एक कारतूस भी बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद तीनों युवकों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद पता चला कि सुशील कुमार के लड़के हर्ष से पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपितों को अदालत में पेश किया, जिसके बाद आरोपित आदित्य उर्फ माया व मनोज उर्फ गोलु को न्यायिक हिरासत में जबकि आरोपित तुषार कटारिया उर्फ तुसी को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में जांच करने के बाद पता चला कि आरोपित आदित्य उर्फ माया के विरुद्ध थाना सदर, शहर व माडल टाऊन थाना रेवाड़ी में पहले भी मारपीट व आर्म्स एक्ट के पांच मामले दर्ज है, वहीं मनोज उर्फ गोलू के विरुद्ध थाना सदर रेवाड़ी व जिला झज्जर के थाना माछरोली में चोरी, हत्या व मारपीट के तीन मामले जबकि तुषार कटारिया उर्फ तुसी के विरुद्ध थाना सदर रेवाड़ी में मारपीट का एक मामला दर्ज पाया गया।

