दर्जी बना सीरियल किलर—8 साल में 34 ड्राइवरों की हत्या करने वाला आदेश खामरा फिर सुर्खियों में

serial killer
serial killer

मध्य प्रदेश से लेकर कई राज्यों में दहशत फैलाने वाले सीरियल किलर आदेश खामरा को छतरपुर पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर भोपाल सेंट्रल जेल से आज छतरपुर लाया। दिन में कपड़े सिलने वाला यह व्यक्ति रात होते ही क्रूर हत्याओं को अंजाम देता था। पुलिस पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अब तक 34 ट्रक ड्राइवरों और क्लीनरों की हत्या की है। उसका दावा—“ड्राइवरों की जिंदगी बेहद कठिन होती है, मैंने उन्हें मुक्ति दी।”

छतरपुर में चल रहे न्याय पथ अभियान के तहत आठ साल पुराने हत्या, हत्या के प्रयास और लूट के मामले में आरोपी को पेश किया गया। आदेश खामरा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में दर्जनों गंभीर अपराधों में वांछित रहा है।


2017 के मामले से खुली कुहासे की परत

एसपी अगम जैन के मुताबिक, 2017 में मातगुंवा थाना क्षेत्र में ट्रक क्लीनर की हत्या और ड्राइवर की हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। उस मामले में उसका साथी तुकाराम पहले ही गिरफ्तार हो चुका था, जबकि आदेश खामरा फरार था। अभियान की सक्रियता बढ़ने पर आरोपी का पता लगाया गया और उसे ट्रांजिट रिमांड पर छतरपुर लाया गया।


कौन है आदेश खामरा? दिन में दर्जी, रात में दरिंदा

भोपाल के बाहरी इलाके में उसकी एक छोटी दर्जी की दुकान थी। दिनभर वह आम इंसान की तरह कपड़े सिलता, लेकिन रात को वह खौफनाक रूप धारण कर लेता। उसके शांत स्वभाव को देखकर कोई अंदाज़ा भी नहीं लगा सकता था कि वह एक बेरहम सीरियल किलर है। जानकारी के अनुसार, बॉलीवुड अभिनेता-निर्देशक अन्नू कपूर उसके जीवन पर फिल्म बनाने की तैयारी में हैं।


8 साल, 34 हत्याएं—कई राज्यों में घूमकर करता था वारदात

आदेश खामरा ने लगभग आठ वर्षों तक
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, और ओडिशा
में घूम-घूमकर ट्रक ड्राइवरों और क्लीनरों को निशाना बनाया।

उसने बताया कि उसका बचपन गरीबी, अपमान और पिता की मारपीट में बीता—और उन्हीं तकलीफ़ों को वह अपने अपराधों का औज़ार बनाकर लोगों की हत्या करता रहा।


ऐसे फंसाता था शिकार—एक कोडवर्ड से होती थी हत्या की शुरुआत

ढाबों पर जाकर वह ट्रक ड्राइवरों से दोस्ती करता और गैंग के सदस्यों के बीच संकेत देने के लिए कहता—

“भाई साहब, कुछ मीठा तो खिला दो।”

इसका मतलब होता था कि शिकार जाल में फंस चुका है

फिर अवसर मिलते ही वह ड्राइवर की हत्या कर देता, शव फेंक देता और—

  • माल ग्वालियर में बेचता

  • ट्रक यूपी, बिहार या नॉर्थ-ईस्ट में खपाता


इस तरह खुला सीरियल किलर का राज

2018 में शक्कर से भरा एक ट्रक संदिग्ध रूप से कानपुर के पास जीपीएस पर रुका मिला।
जांच में जयकरण नामक आरोपी पकड़ा गया, जिसने आदेश खामरा का नाम उजागर किया। बाद में खामरा यूपी के सुल्तानपुर से गिरफ्तार हुआ।

उसकी गैंग में—
जयकरण, तुकाराम बंजारा, सुनील खटीक और बलजिंदर उर्फ साहब सिंह शामिल थे।

मनोवैज्ञानिक दबाव बढ़ने पर उसने 34 हत्याओं को कबूल कर लिया


न्याय पथ अभियान—655 से अधिक आरोपी गिरफ्तार

अभियान के तहत अब तक 655 फरार और इनामी आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
आदेश खामरा पर भी हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले लंबित हैं।