India vs South Africa: गुवाहाटी में खेले गए दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ के दूसरे और अंतिम मुकाबले में टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बेहद शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। मेहमान टीम ने भारत को 549 रन का विशाल लक्ष्य दिया था, जिसके जवाब में भारतीय टीम महज 140 रन पर ढेर हो गई। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने यह टेस्ट 408 रन से जीतकर सीरीज़ 2-0 से अपने नाम कर ली।
यह हार भारत के टेस्ट इतिहास की रनों के अंतर से सबसे बड़ी हार है—चाहे बात घरेलू मैदान की हो या ओवरऑल रिकॉर्ड की। इससे पहले 2004 में नागपुर में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 342 रन से हराया था, जो अब पिछला रिकॉर्ड बन चुका है।
13 महीनों के अंदर दूसरी बार भारत को घर में किसी टीम ने टेस्ट सीरीज़ में क्लीन स्वीप कर दिया है। इससे पहले अक्टूबर–नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज़ 3-0 से जीती थी। मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में यह हार भारत की उम्मीदों को तगड़ा झटका देने वाली है।
मैच का पूरा हाल
दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए। भारत की पहली पारी 201 रन पर सिमटी और मेहमान टीम को 288 रन की बढ़त मिली। फॉलोऑन न देते हुए दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी पारी पांच विकेट पर 260 रन बनाकर घोषित की और कुल बढ़त 548 रन की हो गई। भारत के सामने 549 रन का लक्ष्य रखा गया।
चौथे दिन के अंत तक भारत ने यशस्वी जायसवाल (13) और केएल राहुल (6) के विकेट गंवा दिए थे। पाँचवें दिन बल्लेबाज भी कुछ खास नहीं कर सके। साई सुदर्शन 14 रन, कुलदीप यादव 5 रन, ध्रुव जुरेल 2 रन और कप्तान ऋषभ पंत 13 रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर 16 रन ही जोड़ पाए।
रवींद्र जडेजा ने संघर्ष करते हुए 87 गेंदों में 54 रन बनाकर टेस्ट करियर का 28वां अर्धशतक लगाया, लेकिन टीम को बचा नहीं सके। नीतीश रेड्डी और मोहम्मद सिराज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से साइमन हार्मर सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 6 विकेट झटके। केशव महाराज ने 2 विकेट और मार्को यानसेन तथा मुथुसामी ने 1-1 विकेट हासिल किया।

