Upaidara Flyover Accident : हापुड़ – बीते सोमवार को दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर स्थित गांव उपैड़ा फ्लाईओवर पर जो हुआ वो अमानवीय कृत्य से कम नहीं था । थाना बाबूगढ़ के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है, चौकाने वाली बात यह है कि रातभर सैंकड़ों वाहन शव के ऊपर से गुजरते रहे, परन्तु किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। सूत्रों के अनुसार करीब चार किलोमीटर तक शव के चीथड़े सड़क से चिपके हुए पाए गये।
सूचना मिलने पर अगली सुबह यानी कि मंगलवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद किसी तरह से सड़क पर चिपके शव के हिस्से को एकत्र किया गया तथा पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया । शव हद से ज्यादा क्षत-विक्षत होने के कारण शव की शिनाख्त कराना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण बन चुका है।
इस मामले की जानकारी देते हुए थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव काफी क्षत-विक्षत हो चुका है। पुलिस का पूरा प्रयास है कि किसी तरह शव की शिनाख्त हो सके। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार सोमवार की रात थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-नौ पर स्थित गांव उपैड़ा फ्लाईओवर पर एक व्यक्ति के अज्ञात अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई थी। दुर्घटना का पता न चलने से रातभर तेज रफ्तार वाहन शव के ऊपर से गुजरते रहे, जिसके चलते शव के अवशेष करीब काफी दूर तक बिखर गए थे। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने पुलिस को इस हादसे की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एंबुलेंस के साथ ही हाईवे कर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया।

