हॉलीवुड के लोकप्रिय सिंगर Akon, जिन्होंने “Smack That”, “Lonely”, “Right Now” जैसे सुपरहिट गानों से दुनिया भर में अपनी जबरदस्त पहचान बनाई है, इन दिनों अपने India Tour 2025 में व्यस्त हैं। देश के कई शहरों में उनके लाइव शो आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें हजारों की संख्या में फैंस पहुंच रहे हैं। लेकिन बेंगलुरु में उनके शो के दौरान ऐसी घटना हुई जिसकी वजह से सोशल मीडिया पर इस समय जमकर चर्चा हो रही है। लोगों के बीच सवाल उठ रहा है—क्या यह फैन-लव था या एक कलाकार के साथ की गई बेहद असम्मानजनक हरकत?
बेंगलुरु कॉन्सर्ट में अचानक हुई अजीब घटना
14 नवंबर को बेंगलुरु में हुए लाइव शो में एकॉन जैसे ही मंच से उतरकर दर्शकों के करीब पहुंचे, वहां मौजूद VIP सेक्शन के कुछ लोगों ने उत्साह में हद पार कर दी। वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिखता है कि एकॉन भीड़ की ओर हाथ बढ़ा रहे थे और उसी दौरान कुछ लोगों ने उनका आउटफिट पकड़कर खींचना शुरू कर दिया। देखते ही देखते उनकी पैंट नीचे की ओर सरकने लगी।
एकॉन वीडियो में बार-बार एक हाथ से अपनी पैंट ऊपर खींचने की कोशिश करते दिखाई देते हैं ताकि कपड़े पूरी तरह नीचे न चले जाएँ और उनकी इज्जत सुरक्षित रहे। हालांकि यह स्थिति उनके लिए असहज थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपना परफॉर्मेंस जारी रखा और दर्शकों का मनोरंजन करते रहे। यह उनकी प्रोफेशनलिज्म का परिचायक माना जा रहा है।
वीडियो हुआ वायरल, इंटरनेट पर दो तरह की राय
यह वीडियो इंस्टाग्राम यूज़र ज़ुमैर खाजा ने शेयर किया था, जो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर छा गया। लाखों व्यूज़ और हजारों कमेंट्स के साथ लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
जहां कुछ लोग इसे कलाकार के प्रति प्यार और उत्साह का नतीजा बता रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में यूज़र्स इसे अनुचित व्यवहार, सीमा लांघना, और शर्मनाक हरकत बता रहे हैं।
कई लोगों का कहना है कि भीड़ का हिस्सा होने का मतलब यह नहीं कि आप किसी भी कलाकार को छूने या उनके कपड़े खींचने का हक रखते हैं। एक कलाकार भी एक इंसान है और उसकी निजी सीमाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। कुछ फैंस ने लिखा कि यह घटना एकॉन के लिए “जिंदगी भर याद रहने वाला बुरा अनुभव” बन सकती है।

