देहरादून : ताज़ा प्राप्त जानकारी के अनुसार विवादों में घिरे उत्तराखंड मंत्रिमंडल के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अपने इस्तीफे की घोषणा की। इस दौरान वे भावुक हो गए और फूट-फूटकर रोते हुए नजर आए। उन्होंने कहा, “मेरी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। मैं हमेशा से उत्तराखंड आंदोलनकारी रहा हूं और राज्य की सेवा की है।”
दरअसल, पिछले महीने के अंत में बजट सत्र के दौरान प्रेमचंद अग्रवाल की विपक्षी विधायकों से तीखी बहस हुई थी। इस दौरान उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को लेकर एक विवादित टिप्पणी कर दी थी, जिससे राज्य के पहाड़ी इलाकों में आक्रोश फैल गया।
जैसे ही यह विवाद तूल पकड़ने लगा, मंत्री अग्रवाल ने माफी मांग ली, और भाजपा नेतृत्व ने उन्हें संयम बरतने की हिदायत दी। हालांकि, सियासी बवाल बढ़ता गया, परिणामस्वरूप उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा।