अयोध्या : अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी, आचार्य सत्येंद्र दास जी का आज सुबह लखनऊ के SGPGI अस्पताल में निधन हो गया। 87 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें 3 फरवरी को ब्रेन स्ट्रोक के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, और वे मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप से भी पीड़ित थे।
आचार्य सत्येंद्र दास जी ने 1 मार्च 1992 को रामलला के मुख्य पुजारी के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। उससे पहले वे संस्कृत महाविद्यालय में व्याकरण विभाग में सहायक अध्यापक के रूप में कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति के समय, राम जन्मभूमि के रिसीवर द्वारा उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
उनके निधन से श्रद्धालुओं और संत समाज में शोक की लहर है। अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन और निर्माण के दौरान उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनका निधन अयोध्या और समस्त भक्त समुदाय के लिए एक बड़ी क्षति है।