नई दिल्ली : बुधवार को भारतीय समयानुसार सुबह 3:27 बजे सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर धरती पर लौट आए है। अंतरिक्ष में 9 महीने 14 दिन बिताने के बाद दोनों स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन कैप्सूल फ्लोरिडा के तट के पास समुद्र में सफलतापूर्वक उतरे। लैंडिंग के बाद कैप्सूल को रिकवरी वेसल पर चढ़ाया गया और धोने के बाद कैप्सूल को खोला गया। सबसे पहले अलेक्जेंडर गोरबुनोव बाहर आए, और फिर सुनीता विलियम्स निकलीं।
सूत्रों के मुताबिक जैसे ही सुनीता विलियम्स बाहर आईं, उनके चेहरे पर मुस्कान थी। धरती पर वापस आते ही उन्होंने ग्रैविटी (Gravity) को महसूस किया। बाहर निकलने के बाद उन्होंने खड़े होने की कोशिश की, लेकिन ग्रैविटी पर नियंत्रण न बना पाने की वजह से लड़खड़ा गईं। रिकवरी टीम के दो सदस्यों ने उन्हें सहारा दिया और स्ट्रेचर पर बैठाया।
बाहर आने के बाद सुनीता विलियम्स का मेडिकल चेकअप किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर के साथ-साथ अलेक्जेंडर गोरबुनोव और निक हेग ने भी धरती पर सफलतापूर्वक वापसी की। समुद्र में उतरने के बाद चारों अंतरिक्ष यात्रियों का नासा ने गर्मजोशी से स्वागत किया।