कुरुक्षेत्र : शनिवार सुबह केशव पार्क में चल रहे 102वें 1008 कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ में एक ब्राह्मण को गोली लगने से वो घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद वेद पाठकों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया, जिसके कारण वहां का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना तब हुई जब वेद पाठकों ने यज्ञ सम्राट पर घटिया भोजन परोसने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध बढ़ने पर यज्ञ सम्राट बाबा हरिओम के अंगरक्षक ने गोली चला दी, जिससे एक पाठी घायल हो गया। गोलीकांड के बाद वेद पाठकों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने यज्ञ स्थल पर तोड़फोड़ शुरू कर दी, पंडाल और होर्डिंग-बैनर क्षतिग्रस्त कर दिए।
लाठी-डंडे लेकर वे बाबा हरिओम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य सड़क पर आ गए और वहां जाम लगा दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस की वाजरा वाहन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और वेद पाठक लाठियां लेकर घूम रहे हैं।