नई दिल्ली : रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने रेपो रेट में कटौती करते हुए इसे 6.5% से घटाकर 6.25% कर दिया है। इस फैसले से लोन सस्ते हो जाएंगे और आपकी EMI में भी कमी आएगी। RBI के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने सुबह 10 बजे मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी दी।
RBI ने इससे पहले मई 2020 में रेपो रेट में 0.40% की कटौती की थी, जिससे यह 4% हो गया था। हालांकि, मई 2022 से रेपो रेट में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हुआ, जो मई 2023 में जाकर रुका। इस दौरान कुल 2.50% की बढ़ोतरी के साथ रेपो रेट 6.5% तक पहुंच गया था। अब, पांच साल बाद, RBI ने दरों में कटौती की है।
खाद्य पदार्थों की कीमतों में कमी के चलते दिसंबर में रिटेल महंगाई दर घटकर 5.22% हो गई, जो पिछले चार महीनों में सबसे निचले स्तर पर है। नवंबर में यह दर 5.48% थी, जबकि अगस्त में यह 3.65% थी। RBI की महंगाई दर की स्वीकृत सीमा 2% से 6% के बीच है।
हालांकि, दिसंबर में थोक महंगाई दर बढ़कर 2.37% हो गई, जो नवंबर में 1.89% थी। आलू, प्याज, अंडे, मांस-मछली और फलों की कीमतों में वृद्धि दर्ज की गई। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने 14 जनवरी को ये आंकड़े जारी किए थे।