नई दिल्ली: शुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्रालय ने अमेरिका में दो भारतीय छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद कहा कि अमेरिका में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों को स्थानीय कानूनों का पालन करना चाहिए। बता दे कि जॉर्जटाउन विश्वविद्यालय में अध्ययनरत भारतीय छात्र बदर खान सूरी को “हमास के दुष्प्रचार को बढ़ावा देने” के आरोप में अमेरिकी अधिकारियों ने हिरासत में लिया है।
अमेरिकी होमलैंड सुरक्षा विभाग ने सोमवार रात वॉशिंगटन डीसी में उन्हें गिरफ्तार किया, हालांकि संघीय न्यायाधीश ने उनके निर्वासन पर अस्थायी रोक लगा दी है। वहीं, कोलंबिया विश्वविद्यालय में पढ़ रही भारतीय छात्रा रंजनी श्रीनिवासन का वीजा रद्द कर दिया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि दोनों छात्रों ने अब तक अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास से सहायता के लिए संपर्क नहीं किया है।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि किसी भी देश की वीजा और आव्रजन नीतियों पर निर्णय लेना उसका संप्रभु अधिकार है और वहां रहने वाले सभी लोगों को इन कानूनों का पालन करना आवश्यक है।