महाराष्ट्र : औरंगजेब की कब्र को राज्य से बाहर ले जाने की मांग के चलते नागपुर में हुई हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ पर पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुगल शासक की मृत्यु 300 साल पहले हो चुकी थी। उन्होंने आगे कहा, “अगर आप चाहें तो उनकी कब्र हटा सकते हैं, लेकिन इसके लिए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बुलाइए। दोनों भाजपा के प्रमुख सहयोगी हैं और उनके राज्यों में मुस्लिम आबादी भी है।”
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने यह भी कहा कि औरंगजेब का जन्म गुजरात में हुआ था और उनकी मृत्यु महाराष्ट्र के भिंगर के पास हुई थी। इस बीच, महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने नागपुर में हुई हिंसा के लिए समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि यह हिंसा राज्य सरकार को बदनाम करने की एक पूर्व नियोजित साजिश थी।
पत्रकारों से बातचीत में राणे ने आरोप लगाया कि अबू आजमी ही इस मुद्दे को हवा देने के पीछे थे। उन्होंने कहा, “यह पहले से सोची-समझी रणनीति थी, जिसका मकसद महाराष्ट्र सरकार की छवि खराब करना था।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।