नई दिल्ली : सीएम के आधिकारिक आवास के लिए तीन बंगलों में से एक पर फैसला हो सकता है। इनमें दो बंगले मध्य दिल्ली के डीडीयू मार्ग पर स्थित हैं, जहां दिल्ली भाजपा कार्यालय और भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय मौजूद हैं, जबकि तीसरा उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित राजपुर रोड पर है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के लिए इन तीन आवासीय बंगलों को चुना है। अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत के बाद इन्हें शॉर्टलिस्ट किया गया है, लेकिन अब तक किसी को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। ये बंगले नए सीएम को दिखाए जाएंगे, और वह अपनी पसंद के अनुसार उपयुक्त आवास का चयन कर सकती हैं।
चुने गए आवास को सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) की मंजूरी के बाद आवंटित किया जाएगा। इस सप्ताह की शुरुआत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने स्पष्ट किया कि नए सीएम 6, फ्लैग स्टाफ रोड स्थित बंगले में नहीं रहेंगी।