नई दिल्ली : दिल्ली की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगने के बाद, वह आज दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। शालीमार बाग से पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता राजधानी की नौवीं मुख्यमंत्री होंगी। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12 बजे रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसे राम मंदिर की थीम पर सजाया गया है।
शपथ ग्रहण से पहले, नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपनी आस्था प्रकट करते हुए श्री मरघट वाले हनुमान बाबा मंदिर पहुंचीं। वहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर हनुमान जी का आशीर्वाद लिया और इसके बाद शपथ ग्रहण समारोह के लिए रामलीला मैदान रवाना हुईं।
इसके अलावा, रेखा गुप्ता को Z कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद दिल्ली पुलिस ने यह सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। इस सुरक्षा घेरे के तहत न केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा को मजबूत किया गया है, बल्कि उनके आवास की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है।