नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के 12 दिन बाद, 20 फरवरी को रामलीला मैदान में नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। हालांकि, भाजपा ने अब तक अपने मुख्यमंत्री चेहरे का ऐलान नहीं किया है। मुख्यमंत्री पद के लिए नाम तय करने के लिए भाजपा विधायक दल की बैठक 19 फरवरी को आयोजित की जाएगी, जिसमें औपचारिक घोषणा की जाएगी।
शपथ ग्रहण की तारीख में हुआ बदलाव
पहले खबर आई थी कि 17 फरवरी को भाजपा विधायक दल की बैठक होगी और 18 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होगा। हालांकि, कुछ ही घंटों बाद यह कार्यक्रम दो दिन के लिए टाल दिया गया, लेकिन इसकी वजह स्पष्ट नहीं बताई गई।
भव्य होगा शपथ ग्रहण समारोह
भाजपा सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में होगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रीगण, भाजपा और NDA शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा, कई प्रमुख उद्योगपति, फिल्मी सितारे, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत और विदेशी राजनयिक भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
हजारों लोगों को आमंत्रित करने की तैयारी
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के लगभग 12 से 16 हजार लोगों को भी इस ऐतिहासिक समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम की व्यवस्था को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और तरुण चुघ को प्रभारी बनाया गया है।