नई दिल्ली : अंतरिक्ष में 9 महीने बिताने के बाद भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर सफलतापूर्वक धरती पर लौटने पर बॉलीवुड सितारों और सेलिब्रिटीज ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें बधाइयां दीं।
अभिनेता आर माधवन ने सुनीता विलियम्स का वीडियो साझा करते हुए लिखा,“धरती पर आपका स्वागत है, डियर सुनीता विलियम्स! आपकी सुरक्षित वापसी देखकर दिल को सुकून मिला। करीब 260 दिन अंतरिक्ष में बिताने के बाद सकुशल लौटना भगवान की कृपा और करोड़ों लोगों की प्रार्थनाओं का नतीजा है। पूरी टीम को ढेरों बधाइयां।”
साउथ सुपरस्टार चिरंजीवी ने उनकी वापसी को ‘ब्लॉकबस्टर’ करार देते हुए लिखा, “पृथ्वी पर स्वागत है, सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर! आप 8 दिन के लिए गए थे, लेकिन 286 दिन अंतरिक्ष में रहकर पृथ्वी के 4577 चक्कर लगाकर लौटे। यह एक ऐतिहासिक और साहसिक वापसी है! आपकी कहानी किसी सुपरहिट फिल्म से कम नहीं।”
प्रसिद्ध गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने भावनात्मक अंदाज में लिखा, “ये जमीं याद आई तो हम, आसमां से भी लौट आए। स्वागत है सुनीता विलियम्स।” करिश्मा कपूर और कृति खरबंदा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सुनीता की वापसी के वीडियो साझा किए और उन्हें बधाइयां दीं।
मिस वर्ल्ड और अभिनेत्री मानुषी छिल्लर ने लिखा,“ऐसे ऐतिहासिक पल ही मानवता को परिभाषित करते हैं। हमें आपकी उपलब्धियों पर गर्व है, सुनीता।” अभिनेता सोनू सूद ने लिखा, “वेलकम बैक, हमारी हीरो सुनीता विलियम्स।”
रकुल प्रीत सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा,”आपकी अंतरिक्ष यात्रा, आपका साहस और समर्पण प्रेरणादायक है। हमें आपकी हर उपलब्धि पर गर्व है।”