ENG vs NZ 2nd Test 2026: इंग्लैंड की टीम ने लंदन के केनिंग्टन ओवल में होने वाले दूसरे इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड (England vs New Zealand) टेस्ट मैच के लिए अपनी प्लेइंग XI का ऐलान कर दिया है। उम्मीद के मुताबिक, नाइटक्लब से जुड़े एक और विवाद के कारण कप्तान बेन स्टोक्स (Ben Stokes) टीम में शामिल नहीं हैं। साथ ही इस घटना में शामिल तेज गेंदबाज गस एटकिंसन (Gus Atkinson) को भी मैच से बाहर रखा गया है, जबकि जो रूट टीम की कप्तानी करेंगे।
दोनों खिलाड़ी एक पेंडिंग जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं और ऐसा लगता है कि स्टोक्स-एटकिंसन की जोड़ी तीसरा मैच भी नहीं खेल पाएगी। केनिंग्टन ओवल मैच के लिए प्लेइंग XI में दो और बदलाव किए गए हैं। जॉर्डन कॉक्स और सोनी बेकर टेस्ट में डेब्यू करने के लिए तैयार हैं, जबकि जोफ्रा आर्चर और मैट फिशर की भी वापसी हुई है।
इस बीच दूसरा टेस्ट 17 जून से शुरू हो रहा है। घुटने में दर्द के कारण बाहर हुए ओली रॉबिन्सन की जगह फिशर को टीम में शामिल किया गया है। रॉबिन्सन ने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट लिए थे और उस मैच में मेजबान टीम 115 रनों से जीती थी। लेकिन अब, कमजोर हुई इस टीम के लिए जीत का सिलसिला बनाए रखना एक बड़ी चुनौती होगी।
ENG vs NZ 2nd Test 2026: ग्रेम स्वान ने बेन स्टोक्स का किया बचाव
अब तक ईसीबी ने स्टोक्स के लिए किसी सजा का ऐलान नहीं किया है, लेकिन उन्हें पूर्व ऑफ-स्पिनर स्वान का समर्थन मिला है। स्वान का मानना है कि बेन स्टोक्स की कोई गलती नहीं थी और उन्हें सजा नहीं मिलनी चाहिए। स्वान ने पीटीआई से कहा कि, “इस मामले पर मेरी मिली-जुली राय है। कर्फ्यू लगाने की बात… मैं खुद एक पूर्व खिलाड़ी रहा हूं। आप मुझे कभी भी यह नहीं समझा सकते कि कर्फ्यू कोई अच्छी चीज है। यह बहुत अजीब बात है कि उन्होंने ऐसा किया ही क्यों।”
स्वान ने आगे कहा कि स्टोक्स ने कोई गलती नहीं की, “मुझे नहीं लगता कि बेन स्टोक्स ने यहां कुछ गलत किया है, सिवाय इसके कि उन्होंने एक ऐसे नियम का उल्लंघन किया जिसे लागू ही नहीं किया जाना चाहिए था।”
ENG vs NZ 2nd Test 2026: न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम
जो रूट (कप्तान), जोफ़्रा आर्चर, सोनी बेकर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैट फिशर, एमिलियो गे, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टोंग।

