नई दिल्ली : दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो गया है। शाम 6 बजे वोटिंग खत्म हुई, जबकि शाम 5 बजे तक 57.78% मतदान दर्ज किया गया। सुबह 7 बजे से ही मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों में लगकर वोट डाल रहे थे। पूरे मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। हालांकि, कुछ स्थानों पर फर्जी वोटिंग के आरोप लगे, लेकिन पुलिस ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ चुके हैं, जिससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं में खुशी की लहर है। मालवीय नगर से भाजपा प्रत्याशी और दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली में कमल खिल रहा है” और भाजपा सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशाना साधते हुए कहा कि AAP की राजनीति झूठ और आरोपों पर आधारित है।
कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने भी चुनावी नतीजों को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो लोग कहते थे कि कांग्रेस मैदान में नहीं है, वे कांग्रेस को अच्छी संख्या में सीटें जीतते देखेंगे। इस चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलेगा और तीनों प्रमुख दलों को लगभग बराबर सीटें मिलेंगी।
नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने विश्वास जताते हुए कहा कि 8 फरवरी को भाजपा की जीत तय है। हम दिल्ली में सुशासन, स्वच्छ यमुना और रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अरविंद केजरीवाल को भी इस बात का अंदाजा हो चुका है कि उनकी हार निश्चित है।
एग्जिट पोल के नतीजे भाजपा की सरकार बनने के संकेत दे रहे हैं। डीवी रिसर्च के पोल के अनुसार, भाजपा को 36-44 सीटें, AAP को 26-34 सीटें और कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिलने का अनुमान है। वहीं, पोल डायरी के मुताबिक, भाजपा को 42-50 सीटें, AAP को 18-25 सीटें और कांग्रेस को 0-2 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।