नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संसद के दोनों सदनों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नारी सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि लक्ष्य 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। इसके अलावा, ड्रोन दीदी योजना जैसी सरकारी पहलें महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार की योजनाओं से गरीबों का सम्मान बढ़ रहा है और देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंच रहा है। भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। साथ ही, सरकार का लक्ष्य विकसित भारत का निर्माण करना है।
उन्होंने यह भी बताया कि अब तक 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला जा चुका है। कर्मचारियों के हित में सरकार ने 8वें वेतन आयोग लागू करने का निर्णय लिया है, जिससे लाखों कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।