प्रयागराज (उप्र) : महाकुंभ में मंगलवार को मौनी अमावस्या पर बड़ा हादसा हो गया। अचानक भीड़ उमड़ने और धक्का-मुक्की होने से यह स्थिति पैदा हुई। इस दौरान कई लोग गिर गए। लोगों में अफरा-तफरी मच गई। भीड़ की वजह से हादसा हुआ।
हादसे में हताहत लोगों के परिजनों ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग स्नान के लिए संगम नोज की ओर बढ़ रहे थे। वह पोल नंबर 11 से 17 के बीच चल रहे थे तभी अचानक बहुत तेज गति में पीछे से भीड़ का रेला आया। कुछ लोग संभल नहीं सके और नीचे गिर पड़े तो भीड़ उन्हें रौंदते हुए निकल गई। आइए जानते हैं कि संगम नोज क्या है, जहां भारी भीड़ देखी जा रही है। अब वहां कैसे हालात हैं।
शुरुआती जानकारी में यह बात सामने आई है कि यहीं पहुंचने को लेकर भगदड़ मची। भारी संख्या में लोग संगम नोज पहुंच रहे थे, भीड़ का दबाव अधिक था। इसी वजह से स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। देखते ही देखते भगदड़ मच गई, प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया। साथ ही कई रास्तों को खोल दिया। भीड़ को डायवर्ट भी किया गया। इसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। प्रयागराज में आज लगभग 8-10 करोड़ श्रद्धालु मौजूद हैं। कल लगभग 5.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ का स्नान किया था। श्रद्धालुओं के संगम नोज पर जाने से भारी दबाव बना हुआ है। रात एक से दो बजे के बीच अखाड़ा मार्ग पर बैरिकेड्स को फांद कर आने में कुछ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है।